सीमा की सुरक्षा को लेकर महानिरीक्षक का विशेष गुवाहाटी दौरा

अपनी यात्रा के दौरान असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से की मुलाकात

एनई न्यूज भारत,गुवाहाटी | 14 मई :  भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य की समीक्षा हेतु भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के विशेष महानिरीक्षक (पूर्वी क्षेत्र), महेश कुमार वर्मा ने गुवाहाटी स्थित सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) फ्रंटियर मुख्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सीमा पर तैनात अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्थाओं और संचालित अभियानों की विस्तार से समीक्षा की।

इस समीक्षा बैठक में बीएसएफ फ्रंटियर के महानिरीक्षक सुखदेव राज, अन्य वरिष्ठ अधिकारी और जवान उपस्थित रहे। बैठक में बांग्लादेश सीमा पर फैली चुनौतियों, तस्करी के प्रयासों, घुसपैठ की घटनाओं, तथा हाल ही में उत्पन्न तनावपूर्ण परिस्थितियों पर चर्चा हुई। विशेष महानिरीक्षक ने इन घटनाओं पर नियंत्रण हेतु बीएसएफ द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना की।

 

अपनी यात्रा के दौरान,13 मई को महेश वर्मा ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से भी शिष्टाचार भेंट की और उन्हें सीमा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने बीएसएफ के प्रभावी संचालन और सीमाओं की सुरक्षा में उनके योगदान की सराहना की। इस दौरान महेश वर्मा ने असम पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह से भी चर्चा कर समन्वय को और अधिक सशक्त बनाने पर बल दिया।
इसके अतिरिक्त,महेश वर्मा ने फ्रंटियर मुख्यालय में आयोजित अधिकारियों की सभा को भी संबोधित किया और सीमाई इलाकों में बीएसएफ के जवानों द्वारा किए जा रहे सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि चुनौतियों के बावजूद जवान जिस तत्परता और दृढ़ता से सीमा की रक्षा कर रहे हैं, वह प्रेरणास्पद है।
महेश वर्मा ने यह भी कहा कि आधुनिक तकनीक, निगरानी प्रणाली और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से सीमाओं को और अधिक सुरक्षित बनाया जा सकता है। उन्होंने बल दिया कि सीमा सुरक्षा के लिए सतर्कता, संवेदनशीलता और मुस्तैदी अत्यंत आवश्यक है।