डीडीयू में हीरक जयंती के दिन गोरखपुर विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों का सम्मान समारोह
एनई न्यूज भारत,गोरखपुर, 24 अप्रैल: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय अपनी स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगामी 1 मई को हीरक जयंती स्थापना दिवस भव्य रूप से मनाने जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर विश्वविद्यालय द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सात विशिष्ट पूर्व छात्रों और सिविल सेवा परीक्षा 2024 में सफलता प्राप्त दो पूर्व विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. पूनम टंडन करेंगी। उन्होंने कहा, "यह विश्वविद्यालय केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि विचार और मूल्यों का केंद्र है। हमारे पूर्व छात्रों की उपलब्धियाँ हमारी संस्थागत पहचान का प्रतीक हैं।"
सम्मानित किए जाने वाले पूर्व छात्र
इस प्रतिष्ठित आयोजन में हिंदी विभाग के पूर्व छात्र और साहित्यकार प्रो. रामदेव शुक्ल, बीएसएफ एवं एनआईए में सेवाएं दे चुके नरेंद्र नाथ दुबे, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के संयुक्त महानिदेशक प्रवीण कुमार मिश्र, भारतीय राजस्व सेवा अधिकारी कृष्ण कुमार मिश्रा, आईएएस अधिकारी वंदना त्रिपाठी, क्रेडाई यूपी अध्यक्ष शोभित मोहन दास और सौर भौतिकी वैज्ञानिक प्रो. दुर्गेश त्रिपाठी को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
इसके साथ ही सिविल सेवा परीक्षा 2024 में सफलता प्राप्त करने वाले इक़बाल अहमद और अन्नू गुप्ता को भी समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इक़बाल वर्तमान में श्रम प्रवर्तन अधिकारी हैं जबकि अन्नू ने 2023 में बीए पूर्ण कर परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया है।
इस आयोजन को पूर्व छात्रों और विश्वविद्यालय के बीच संबंधों को प्रगाढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह समारोह न केवल विद्यार्थियों को प्रेरणा देगा, बल्कि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और सामाजिक उपलब्धियों को भी रेखांकित करेगा।