• मॉक ड्रिल के माध्यम से एनसीसी कैडेट्स को दिया गया सिविल डिफेंस प्रशिक्षण
• मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य यह सीखना है कि भविष्य में किसी भी आपात स्थिति में कैसे बचा जाए
एनई न्यूज भारत,गोरखपुर | 07 मई : 15वीं यूपी गर्ल्स वाहिनी और दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आज विश्वविद्यालय परिसर में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास का उद्देश्य युद्धकाल जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस) से जुड़ी बारीकियों को एनसीसी कैडेट्स को सैद्धांतिक और व्यावहारिक रूप से सिखाना था।
मॉक ड्रिल के दौरान जब सायरन बजा तो लगभग 300 एनसीसी गर्ल कैडेट्स ने हमले की स्थिति का अनुकरण करते हुए प्रभावित स्थान से सुरक्षित बाहर निकलने का अभ्यास किया। इस दौरान विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में कार्यरत सभी अधिकारी एवं कर्मचारी भी सायरन की सूचना पर बाहर निकल आए और पूरे उत्साह से मॉक ड्रिल में भाग लिया।
इस अवसर पर 15 यूपी गर्ल्स बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल अमूल्य प्रताप सिंह ने जनपद की सिविल डिफेंस टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कैडेट्स को प्राप्त यह प्रशिक्षण न केवल उनके आत्मविश्वास को बढ़ाएगा, बल्कि वे इस जानकारी को समाज में भी प्रसारित कर सकते हैं।
मॉक ड्रिल में सिविल डिफेंस के उपनियंत्रक एस.पी. सिंह, सह उपनियंत्रक वेदप्रकाश यादव, डिवीजनल वार्डन डी.पी. तिवारी, प्रतीक सरकारी, विकास जालान, अभिषेक कुमार, अभिषेक सोनकर सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय की महिला एनसीसी अधिकारी मेजर विनीता पाठक, कैप्टन निधि लाल, लेफ्टिनेंट गुंजन मिश्रा, सीनियर जीसीआई सीमा राय, सूबेदार मेजर सी.के. मंडल तथा अन्य पीआई स्टाफ भी कार्यक्रम में सम्मिलित रहे।