• एक ही दिन में तोड़ा रिकॉर्ड 3,564 पर्यटक पहुंचे सिक्किम घूमने
• इस उछाल में 1,675 पुरुष, 1,201 महिलाएं समेत 9 विदेशी पर्यटक का योगदान
एनई न्यूज भारत,गंगटोक|13 अप्रैल: उत्तर सिक्किम की घाटियों में एक बार फिर सैलानियों की रौनक लौट आई है। 12 अप्रैल को रिकॉर्ड तोड़ 3,564 पर्यटकों ने इस सुरम्य इलाके का दौरा किया, जो कि 2023 में आए विनाशकारी ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (जीएलओएफ) के बाद से एक दिन में दर्ज की गई सबसे बड़ी संख्या है।
पर्यटन विभाग की परमिट सेल द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इन सैलानियों में 3,555 घरेलू और 9 विदेशी पर्यटक शामिल थे। ऑनलाइन पंजीकरण कराने वालों में 1,675 पुरुष, 1,201 महिलाएं और 244 बच्चे शामिल थे, जबकि ऑफलाइन पंजीकरण के अंतर्गत 307 पुरुष, 111 महिलाएं और 17 बच्चों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
पर्यटकों के इस उमड़ते सैलाब के साथ कुल 747 वाहनों का क्षेत्र में प्रवेश दर्ज किया गया, जो पर्यटन गतिविधियों के फिर से जोर पकड़ने का स्पष्ट संकेत है।
2023 की प्राकृतिक आपदा के बाद यह वृद्धि न सिर्फ स्थानीय व्यवसायों के लिए संजीवनी साबित हो रही है, बल्कि क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को भी नया बल दे रही है। उत्तर सिक्किम की प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और सांस्कृतिक विरासत एक बार फिर देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित कर रही है।
पर्यटन विभाग और स्थानीय प्रशासन इस सफलता को आगे बढ़ाने के लिए सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में काम कर रहे हैं।