भाजपा सूबे में स्‍थापित करेगी कानून का राज : दिलीप घोष

भाजपा में शामिल हुए कई दलों के नेता, भीड़ जुटाने में असफल रहे भाजपाई

न्यूज भारत, सिलीगुड़ी : राज्य में जो परिस्थिति चल रही है, इससे सूबे में निर्विघ्न रूप से चुनाव संभव नहीं है। हमेशा भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले किए जा रहे है। भाजपा की रैली में तृणमूल कांग्रेस द्वारा पत्थर फेंके जा रहे हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि सूबे में लोकतंत्र के नाम परकुछ भी नहीं है। सूबे में भाजपा की सरकार बनने के बाद पहला कार्य होगा राज्य में कानून व्यवस्था को दुरूस्‍त करना। इसके साथ ही लोगों को गणतांत्रिक अधिकार वापस लाया जाना। हार की डर से राज्य में छह नगर निगम समेत 118 नगर निकायों का चुनाव तृणमूल सरकार नहीं करा रही है। नगर निकाय चुनाव नहीं होने से लोग सामाजिक सुरक्षा लाभ पाने के लिए जरूरी कागजात तैयार नहीं करा पा रहे हैं। उक्‍त बातें मंगलवार को सि‍लीगुडी के बाधाजतिन पार्क में भाजपा में शामिल होने आए अन्‍य दलों के नेताओं व आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्‍यक्ष दिलीप घोष ने कही।    

उन्‍होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर आरोप लगाया कि कृषि कानून के खिलाफ किसानों को गुमराह कर रहीं है। किसानों के हित में सौ साल पुराने कृषि कानून को बदलकर नया कानून लाया गया है। किसानों की अपनी उपज बेचने के अधिक अवसर दिए जा रहे हैं। कोलकाता में भी मुख्यमंत्री ने किसान रैली करने की कोशिश की। लेकिन दो सौ दलालों के अलावा इस रैली में कोई भी किसान नहीं आए। घोष ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को राज्य में किसान रैली करने की चुनौती देते हुए कहा कि एक रैली आयोजित करके देख लें। रैली में 10 हजार किसान नहीं आएंगे। जबकि भाजपा भी एक किसान रैली का आयोजन करेगी जिसमें 50 हजार से ज्यादा किसान शामिल होंगे।

कई लोग भाजपा में हुए शामिल

भाजपा की आयोजित जनसभा के दौरान कई दलों से काफी संख्या में लोगों ने भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा में शामिल होने में तृणमूल कांग्रेस नेता माटीगाड़ा दो नंबर ग्राम पंचायत की पूर्व ग्राम प्रधान प्रियंका विस्वास, फांसीदेवा से कार्लूस , शंभू सिंह, प्रबीर सिंह, बुद्धिस्ट कल्चरल सोसायटी के विकास लामा व जंबू लामा समेत अन्य लोग थे। इस मौके पर भाजपा नेता श्रीरूपा चौधरी, भाजपा सिलीगुड़ी जिला इकाई के अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल समेत अन्य लोग मौजूद थे। इसके अलावा उक्त जनसभा को भाजपा पश्चिम बंगाल प्रदेश महासचिव शायंतन बसु, रथीन बोस, बालूरघाट के सांसद सुकांत मजूमदार, मादारीहाट विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक मनोज तिग्गा समेत अन्य लोगों ने संबोधित किया।

भीड़ जुटाने में असफल रहे भाजपाई

सि‍लीगुड़ी में आयोजित विशाल जनसभा का आलम यह था कि बाधाजतिन के छोटे से मैदान को भरने में जिला कमेटी के लोग असफल रहे। जिस प्रकार से प्रदेश अध्‍यक्ष दिलीप घोष की सभा को लेकर पूरे शहर को उनके पोस्‍टर और बैनर लगाए गए थे। उस प्रकार की भीड़ इस सभा में दिखी नहीं और जो भीड़ दिखी व या तो भाजपा में शामिल होने वालों की थी या भाजपा कार्यकर्ताओं की। इस रैली से साफ जाहिर होता है कि संगठन में अभी भी अंदरखाने कुछ ना कुछ चल रहा है। वहीं मंच पर उपस्थित प्रदेश क नेताओं के चेहरे पर कम भीड़ को देखकर कुछ मायुस लग रहे थे। रैली की उपस्थिति से साफ जाहिर हो रहा था कि आज भी भाजपा सि‍लीगुड़ी में अपने आप को मजबूत नहीं कर स‍की। शायद यहां के नेतृत्‍व की अपरिपक्‍वता साफ नजर आ रही है।  

भाजपा युवा ने की मैदान की साफ-सफाई

बाधाजतिन पार्क में भाजपा के प्रदेश अध्‍यक्ष की सभा के भाजपा के कार्यकर्ताओ ने बेहतर नागरिक होने का फर्ज निभाते हुए मैदान के कचरे को भाजपा युवा मोर्चा के सदस्‍यों ने साफ-सफाई कर चका चक कर दिया।  हलांकि इस तरह के कार्य करने से जहां लोगों में स्‍वच्‍छ भारत अभियान को बल मिलेगा। वहीं आम लोग भी देश राजनेताओं के कारनामे से सीख भी लेने की कोशिश करेगें।