HIGHLIGHTS
हासीमारा एशियन हाईवे पर भीषण हादसा, कार की टक्कर से 4 महिला चाय श्रमिकों की दर्दनाक मौत
हासिमारा की घटना,बंद चाय बगान के श्रमिक दूसरे चाय बगान में साइकिल से जा रहे थे काम करने
एनई न्यूज भारत, अलीपुरद्वार
शनिवार की सुबह चाय मजदूरों के उपर शनि की काली छाया चढ़ गई और चार काल के गाल में समा गए। तेज रफ्तार वैगनआर की रफ्तार का कहर देखने को मिला। यह घटना अलीपुरद्वार जिले के हासीमारा स्थित एशियन हाईवे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार महिला चाय श्रमिकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गईं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, कालचीनी ब्लॉक के बंद भरनोबाड़ी चाय बागान की कई महिला श्रमिक रोज़ की तरह साइकिल और पैदल दूसरे चाय बागान में काम करने जा रही थीं। हासीमारा दस नंबर डुआर्स डाबा के पास एशियन हाईवे पर तेज रफ्तार से आ रही एक छोटी कार ने सीधे श्रमिक महिलाओं को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई महिलाएं सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं।
स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को कालचीनी के उत्तर लताबाड़ी ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने चार महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान पुष्पा दर्जी, बेरथा खरिया, रजनी बारला और अगस्तिना मंडा के रूप में हुई है। तीन गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए अलीपुरदुआर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। उनका आरोप है कि एशियन हाईवे पर लगातार तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाए जाते हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। चाय श्रमिकों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग उठने लगी है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। चार परिवारों पर टूटा यह दुख का पहाड़ पूरे डुआर्स को झकझोर गया है।



