• राष्ट्रीय ऊर्जा बचाओ प्रतियोगिता में दीनदयाल विश्वविद्यालय के छात्र आदित्य कुमार को अखिल भारतीय द्वितीय स्थान
• ऊर्जा संरक्षण में नवाचार का परिचय देते हुए आदित्य को मिला ₹1 लाख का पुरस्कार, दिल्ली में हुआ सम्मानित
एनई न्यूज भारत,गोरखपुर: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के छात्र आदित्य कुमार ने एक बार फिर पूर्वांचल का नाम रोशन किया है। विश्वविद्यालय के कृषि एवं प्राकृतिक विज्ञान संस्थान (आईएएनएस) के बी.एससी. (ऑनर्स) कृषि तृतीय वर्ष के छात्र आदित्य ने पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित राष्ट्रीय ऊर्जा बचाओ प्रतियोगिता में अखिल भारतीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
इस अवसर पर 5 जून 2025 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित विशेष समारोह में आदित्य को दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता तथा केंद्रीय पर्यावरण मंत्री श्री भूपेंद्र यादव द्वारा सम्मानित किया गया। इस सम्मान के तहत उन्हें ₹1,00,000 की नकद पुरस्कार राशि और अपने ऊर्जा संरक्षण संबंधी विचारों के प्रस्तुतिकरण का अवसर मिला।
आदित्य को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई महत्वाकांक्षी पहल "मिशन लाइफ (Lifestyle for Environment)" के अंतर्गत आयोजित राष्ट्रीय समारोह में अपने नवाचार प्रस्तुत करने का भी गौरव प्राप्त हुआ।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने आदित्य को बधाई देते हुए कहा, “यह हमारे लिए गर्व की बात है कि विश्वविद्यालय के छात्र पर्यावरण संरक्षण के राष्ट्रीय मिशन में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। यह सफलता हमारे छात्रों की नवाचार क्षमता और पर्यावरणीय जिम्मेदारी के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।”
विश्वविद्यालय प्रशासन, शिक्षकगण और छात्र समुदाय ने भी आदित्य की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।