एनई न्यूज भारत,गोरखपुर: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक नियुक्ति की गई है। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने प्राणी विज्ञान विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर प्रो. विनय कुमार सिंह को विश्वविद्यालय का नया नियंता नियुक्त किया है।
प्रो. विनय कुमार सिंह का शैक्षिक और शोध कार्यों में व्यापक अनुभव रहा है। वे वर्तमान में दिल्ली विश्वविद्यालय की विद्या परिषद् के सदस्य भी हैं। उनके नाम 170 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्र, एक पेटेंट और लगभग 13 पुस्तकों का लेखन दर्ज है। प्रो. सिंह के निर्देशन में दर्जनों शोधार्थियों ने पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है।
प्रो. विनय इससे पूर्व जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के कोर्ट मेंबर भी रह चुके हैं। विश्वविद्यालय में वे निदेशक, सेल्फ फाइनेंस कोर्सेज और मानद ग्रंथालयी जैसे दायित्वों का भी कुशलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। उनकी नियुक्ति पर कुलपति प्रो. पूनम टंडन सहित विश्वविद्यालय समुदाय के अनेक शिक्षकों और कर्मचारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
इस नई जिम्मेदारी के साथ विश्वविद्यालय को प्रो. सिंह के अनुभव और नेतृत्व से नई दिशा मिलने की आशा है।