HIGHLIGHTS
आपसी मतभेद छोड़ एकजुट होकर देश को आगे बढ़ाने की हो कोशिश
श्याम बाजार में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम, बच्चों को मिली उपहार
एनई न्यूज भारत, कोलकाता
15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कोलकाता के श्याम बाजार में आयोजित कार्यक्रम में हिंदू संगठन के नेता एवं योगी आदित्यनाथ मीडिया सेल से जुड़े नीरज ने देश की आजादी के लिए हुए संघर्ष और बलिदानों को याद करते हुए समाज में एकजुटता का संदेश दिया।
नीरज ने कहा कि देश की आजादी अनगिनत लोगों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। हजारों लोगों ने अपने घर-परिवार छोड़े और अनेक लोगों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। ऐसे में आजादी केवल जश्न मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन बलिदानों को याद करने और उनसे प्रेरणा लेने का दिन है।
उन्होंने हिंदू समाज में आपसी मतभेद और संघर्ष पर चिंता जताते हुए कहा कि समाज के लोगों को आपस में लड़ने के बजाय एकजुट होकर देश और समाज को आगे बढ़ाने के लिए काम करना चाहिए। आपसी विवादों को खत्म कर भाईचारे और एकता को मजबूत करने की जरूरत है।
नीरज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज को जागरूक और संगठित करने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, देश और समाज को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी केवल किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को कुछ उपहार भी वितरित किए गए, जिससे बच्चों में उत्साह देखने को मिला। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम में देशभक्ति, सामाजिक एकता और बच्चों के बीच खुशी बांटने का संदेश दिया गया।



