HIGHLIGHTS
सत्ता परिवर्तन के बाद पहली बार बंगाल में भव्य स्वतंत्रता दिवस आयोजन, उत्तर बंगाल में भी दिखा नया उत्साह
एनई न्यूज भारत, सिलीगुड़ी
पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद इस बार स्वतंत्रता दिवस का आयोजन नए उत्साह और बड़े स्तर पर देखने को मिला। कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित मुख्य समारोह में स्वतंत्रता दिवस की भव्यता साफ नजर आई। वहीं, राज्यभर में स्कूलों, सरकारी और निजी संस्थानों से लेकर विभिन्न संगठनों ने भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराया और राष्ट्र को संबोधित किया। इसी के साथ पश्चिम बंगाल में भी अलग-अलग स्थानों पर ध्वजारोहण और देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।
राज्य सरकार से जुड़े नेताओं का कहना है कि सत्ता परिवर्तन के बाद यह पहला स्वतंत्रता दिवस है, जिसे पूरे पश्चिम बंगाल में बड़े उत्साह और व्यापक स्तर पर मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस यात्रा और तिरंगा यात्रा जैसे आयोजनों के जरिए लोगों में देश के प्रति सम्मान, जिम्मेदारी और कर्तव्य की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया गया।
उत्तर बंगाल को लेकर भी इस बार खास चर्चा रही। लंबे समय बाद उत्तरकन्या में मंत्री द्वारा ध्वजारोहण किए जाने को क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया गया। सरकार का दावा है कि सत्ता परिवर्तन के बाद उत्तर बंगाल में प्रशासनिक गतिविधियों और सरकारी सेवाओं पर विशेष जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री समेत राज्य के कई मंत्री उत्तर बंगाल का दौरा कर प्रशासनिक बैठकें कर चुके हैं और विकास कार्यों की समीक्षा की गई है।
सरकार से जुड़े नेताओं ने कहा कि उत्तर बंगाल के लोगों को सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक सेवाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उनका कहना है कि आने वाले दिनों में भी उत्तर बंगाल में प्रशासनिक गतिविधियां और तेज की जाएंगी।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर नेताओं ने यह भी कहा कि देश की आजादी केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि नागरिकों को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों को भी समझने का दिन है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करते हुए देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया।
इस बार के आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि स्वतंत्रता दिवस अब केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि आम लोगों की भागीदारी और देशभक्ति की भावना के साथ इसे व्यापक रूप से मनाया जा रहा है।



