HIGHLIGHTS
सीएम की राजनीतिक टिप्पणी नहीं बल्कि समाज में विभाजन पैदा करने वाला
एनई न्यूज भारत, कोलकाता
बंगाल महासमर-2026 : पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल चुनावी प्रचार से गर्माता जा रहा है। वहीं दूसरी ओर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चरम पर है। इसी बीच कूचबिहार की एक सभा में एक नया विवाद सामने आया, जिसमें तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने बड़ा कदम उठाया है। टीएमसी पार्टी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। तृणमूल कांग्रेस ने भारतीय चुनाव आयोग (ECI) को लिखे पत्र में आरोप लगाया कि हिमंता बिस्वा सरमा ने चुनावी रैली के दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ आपत्तिजनक और भड़काऊ बयान दिए हैं, जो चुनावी माहौल को प्रभावित कर सकते हैं।
सीएम सरमा ने कूचबिहार में रैली में की थी टिप्पणी
TMC के अनुसार, हिमंता बिस्वा सरमा ने कूचबिहार जिले में एक चुनावी सभा के दौरान ममता बनर्जी के बयान को लेकर टिप्पणी की थी। सीएम ने कहा था कि ममता बनर्जी को चिंता इस बात की है कि अगर भारतीय जनता पार्टी (BJP) सत्ता में आई तो लोग मांस नहीं खा पाएंगे, जबकि वह केवल बीफ को लेकर चिंतित हैं, न कि चिकन, मटन या मछली को लेकर। पार्टी का कहना है कि यह बयान केवल राजनीतिक टिप्पणी नहीं बल्कि समाज में विभाजन पैदा करने वाला है। TMC ने इसे एक सोची-समझी रणनीति बताया, जिसका उद्देश्य धार्मिक आधार पर लोगों को बांटना है।



