ब्राह्मण महाकुंभ में समाजोत्थान की दिशा में हो महत्वपूर्ण पहल

HIGHLIGHTS

ब्राह्मण महाकुंभ’ के समापन में घोषणा, समाज के सर्वांगीण विकास हेतु सतत सक्रिय रहने का आह्वान किया

ब्राह्मण समाज की उन्नति एवं सांस्कृतिक संरक्षण के लिए राज्यभर में होंगे ‘भगवान परशुराम भवन’:आशीष दामले

एनई न्‍यूज भारत, छत्रपति संभाजीनगर

अखिल भारतीय कान्यकुब्ज ब्राह्मण महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कमल किशोर तिवारी की गरिमामय उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्री तिवारी ने उपस्थित समाजबंधुओं को संबोधित करते हुए संगठनात्मक एकता, अनुशासन एवं समाजोत्थान के महत्व पर प्रेरक विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि किसी भी सामाजिक आंदोलन की वास्तविक शक्ति उसके निष्ठावान, समर्पित एवं कर्मठ कार्यकर्ता होते हैं।

अपने उद्बोधन के उपरांत उन्होंने संगठन के लिए निरंतर कार्य कर रहे समर्पित कार्यकर्ताओं को मंच से विशेष रूप से सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा सेवा, समर्पण और संगठन की भावना के साथ समाज के सर्वांगीण विकास हेतु सतत सक्रिय रहने का आह्वान किया। इसी कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय ‘ब्राह्मण महाकुंभ’ का समापन रविवार, 28 दिसंबर को हुआ। समापन अवसर पर भगवान परशुराम आर्थिक विकास महामंडळ के अध्यक्ष एवं महाराष्ट्र सरकार के कैबिनेट मंत्री कैप्टन आशीष दामले ने समाज को संबोधित करते हुए घोषणा की कि ब्राह्मण समाज की उन्नति एवं सांस्कृतिक संरक्षण के उद्देश्य से राज्यभर में ‘भगवान परशुराम भवन’ का निर्माण किया जाएगा।

श्री दामले ने कहा कि पिंपरी-चिंचवड़, धुले, नागपुर, कल्याण एवं डोंबिवली सहित कई नगरों में प्रथम परशुराम भवन के निर्माण को लेकर सकारात्मक प्रतिस्पर्धा है तथा उन्हें विश्वास है कि आगामी चार से पाँच महीनों में पहले भवन का भूमि पूजन संपन्न हो जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि राजस्थान में विप्र फाउंडेशन तथा नाशिक के 96 वर्ष पुराने संगठन द्वारा निर्मित परशुराम भवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उसी तर्ज पर महाराष्ट्र में भी ऐसे भवन विकसित किए जाएंगे, जिनमें परशुराम आर्थिक विकास महामंडळ का पूर्ण सहयोग रहेगा।

श्री दामले ने इन भवनों से समाज को होने वाले लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि इन केंद्रों के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को मार्गदर्शन मिलेगा, जिससे नई पीढ़ी के सक्षम अधिकारी तैयार होंगे। इसके अतिरिक्त, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए विवाह एवं मुंज (उपनयन संस्कार) जैसे सामाजिक कार्यक्रमों हेतु सुविधाजनक सभागृह उपलब्ध कराए जाएंगे तथा महिला सशक्तिकरण के लिए विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि भगवान परशुराम आर्थिक विकास महामंडळ की स्थापना को एक वर्ष पूर्ण हो चुका है और समाज को इस महामंडळ से बड़ी अपेक्षाएं हैं। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवा पीढ़ी को न्याय एवं अवसर प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

समाज से एकजुट होने का आह्वान करते हुए मंत्री श्री दामले ने कहा, “यह समय शाखा या उप-जाति के भेद भुलाकर केवल ‘ब्राह्मण’ के रूप में संगठित होने का है। राज्य एवं देश में ब्राह्मण समाज की शक्ति और उपस्थिति निर्विवाद है। कोई भी समाजबंधु स्वयं को अकेला न समझे महामंडळ और मैं सदैव उनके साथ हैं।”

अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि एक समय ब्राह्मण होने के कारण उन्हें चुनावी प्रक्रिया में उपेक्षा का सामना करना पड़ा, किंतु जनता के विश्वास से उन्होंने स्वतंत्र प्रत्याशी के रूप में विजय प्राप्त की और आज कैबिनेट मंत्री के रूप में सेवा कर रहे हैं। उन्होंने इसे ब्राह्मण समाज की सामूहिक शक्ति और आत्मविश्वास का प्रतीक बताया। यह आयोजन समाज में संगठनात्मक चेतना, एकता एवं विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगी।