नदिया में बीएसएफ ने 67 लाख का सोना किया जब्त, दो को दबोचे गए

HIGHLIGHTS

भारत–बांग्लादेश सीमा पर बीएसएफ की कार्रवाई में 510 ग्राम वजनी सोने का बिस्कुट बरामद

एनई न्‍यूज भारत, नदिया

बीएसएफ दक्षिण बंगाल सीमांत के जवानों ने पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में भारत–बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित 32वीं वाहिनी की सीमाचौकी मालुआपारा क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो भारतीय तस्करों को गिरफ्तार कर सोना तस्करी नेटवर्क को करारा झटका दिया। कार्रवाई के दौरान तस्करों के कब्जे से 510 ग्राम वजनी सोने के बिस्कुट बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत ₹67,37,100 आँकी गई है।

मिली जानकारी के अनुसार 17 दिसंबर की सुबह सीमाचौकी मालुआपारा के जवानों को गुप्त सूचना मिली कि कुछ तस्कर बांग्लादेश से तस्करी किया गया है। जिस अवैध सोना को सीमाचौकी क्षेत्र के रास्ते भारत में प्रवेश कराने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही सीमाचौकी के सभी जवानों को अतिरिक्त सतर्क कर दिया गया। सुबह लगभग 10 बजे जवानों ने बांस की झाड़ियों की आड़ लेकर बांग्लादेश की ओर से भारत की सीमा की तरफ बढ़ते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा। जवानों द्वारा चुनौती दिए जाने पर उक्त व्यक्ति ने बिना किसी प्रतिरोध के तुरंत आत्मसमर्पण कर दिया। इसके तुरंत बाद उसकी गहन तलाशी ली गई, जिसके दौरान उसके कब्जे से प्लास्टिक में लिपटे दो पैकेट बरामद किए गए। पैकेटों की जांच करने पर उनके अंदर से सोने के चार बिस्कुट पाए गए। जवानों ने मौके पर ही सोने के बिस्कुटों सहित तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसे यह खेप अपने गांव के ही एक व्यक्ति को सौंपनी थी। इस सूचना पर बीएसएफ जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रंगियापोटा गांव में छापा मारकर उसकी निशानदेही पर दूसरे तस्कर को उसके घर से हिरासत में ले लिया। इसके बाद दोनों को सीमा चौकी मालुआपारा लाकर पूछताछ की गई, जहां उन्होंने स्वीकार किया कि इस अवैध गतिविधि के बदले उन्हें रकम देने का वादा किया गया था। बीएसएफ की सतर्कता से यह तस्करी प्रयास समय रहते विफल कर दिया गया। गिरफ्तार किये गए दोनों तस्करों को जब्त सोने के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु संबंधित विभाग को सौंप दिया गया है।

बीएसएफ दक्षिण बंगाल सीमांत के जनसंपर्क अधिकारी ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि सीमा सुरक्षा बल के सतर्क जवान तस्करी जैसी अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए पूरी तरह सक्षम हैं और निरंतर अपनी प्रतिबद्धता साबित कर रहें हैं। आगे उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों के निवासियों से अपील की कि यदि उन्हें सोने की तस्करी से जुड़ी कोई भी जानकारी मिले, तो उसे तुरंत बीएसएफ की सीमा साथी हेल्पलाइन नंबर 14419 या व्हाट्सएप नंबर 9903472227 पर मैसेज या वॉयस नोट के माध्यम से साझा करें। पुख्ता सूचना देने पर उपयुक्त इनाम दिया जाएगा और सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।