बीएसएफ ने 2 लाख के नकली भारतीय मुद्रा किया जब्त

HIGHLIGHTS

बीएसएपफ की 119 बटालियन ने 500 के 400 नकली नोट किया बरामद

एनई न्यूज भारत, मालदा

बंगलादेश के सीमा-पार के अपराध के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) दक्षिण बंगाल सीमान्त की 119वीं बटालियन के जवानों ने मालदा जिले में भारत-बांग्लादेश अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर नकली भारतीय मुद्रा नोट (FICN) की बड़ी खेप की तस्करी की कोशिश को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया। बीएसएफ जवानों की त्वरित और समन्वित कार्रवाई के परिणामस्वरूप ₹500 के 400 नकली नोट बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत ₹2 लाख है।

6 दिसंबर को, 119 बटालियन की चुरियंतपुर सीमाचौकी के सतर्क जवानों ने अपनी सीमा निगरानी ड्यूटी के दौरान अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पार कुछ संदिग्ध गतिविधि देखी। इसी दौरान कुछ बांग्लादेशी तस्करों ने धोखे से सीमा-तारबन्दी के पार एक बंडल फेंका और बांग्लादेश की ओर भाग गए। उसी समय एक भारतीय तस्कर उसे उठाने के लिए आगे बढ़ा। हालांकि, बीएसएफ जवानों की त्वरित कार्रवाई से तस्करों का प्रयास विफल हो गया और वे घनी झाड़ियों, ऊबड़-खाबड़ इलाके तथा आसपास के रिहायशी क्षेत्रों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद बीएसएफ जवानों ने इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया और एक संदिग्ध पैकेट बरामद किया, जिसमें भारी मात्रा में नकली भारतीय मुद्रा नोट पाए गए। जब्त की गई मुद्रा आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु संबंधित एजेंसी को सौंप दी गई है।

बीएसएफ दक्षिण बंगाल सीमांत के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि जाली नोटों की तस्करी देश की अर्थव्यवस्था के लिए गंभीर खतरा है और वर्तमान परिस्थितियों में यह चुनौती और बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि बीएसएफ सीमा पर होने वाली हर अवैध गतिविधि को रोकने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और ऐसी कोशिशों को किसी भी हाल में सफल नहीं होने दिया जाएगा।