HIGHLIGHTS
बीएसएफ ने नाकाम की जाली भारतीय नोटों की तस्करी, 3.08 लाख रुपये मूल्य के नकली नोट जब्त
एनई न्यूज भारत, नदिया
पश्चिम बंगाल में भारत–बांग्लादेश अंतर्राष्ट्रीय सीमा से नकली नोटों का कारोबार परवान चढ़ रहा है। सीमा पर तैनात बीएसएफ दक्षिण बंगाल सीमांत की 194वीं वाहिनी के जवानों ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए जाली भारतीय मुद्रा (FICN) की तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया। कार्रवाई में 500 के 616 नकली नोट, कुल 3,08,000 की जाली मुद्रा जब्त की गई है।
बीएसएफ की सीमाचौकी झोरपाड़ा के जवान नियमित ड्यूटी पर थे, जब उन्होंने इच्छामती नदी के पास अंतर्राष्ट्रीय सीमा के निकट कुछ संदिग्ध गतिविधि देखी। जवानों ने दो संदिग्ध तस्करों को बांग्लादेश की ओर से आते हुए और भारत की ओर झाड़ियों में छिपे एक सहयोगी को कुछ सौंपने का प्रयास करते हुए देखा। संवेदनशील हरकतों को देखते ही जवान तुरंत सक्रिय हुए और अपने साथियों को अलर्ट करते हुए घटनास्थल की ओर बढ़े। बीएसएफ के करीब आते ही तस्कर घने जंगल और इच्छामती नदी का सहारा लेकर बांग्लादेश की ओर भाग निकले। इसके बाद इलाके की सघन तलाशी के दौरान जवानों को एक संदिग्ध पैकेट मिला। पैकेट खोलने पर उसमें बड़ी मात्रा में नकली भारतीय मुद्रा बरामद हुई, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। प्रारंभिक जाँच में सभी नोट पूरी तरह नकली पाए गए। बरामद जाली नोटों को आगे की कार्यवाही हेतु संबंधित एजेंसी को सौंप दिया गया है।
बीएसएफ दक्षिण बंगाल सीमांत के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि जाली नोटों की तस्करी देश की अर्थव्यवस्था के लिए गंभीर खतरा है और वर्तमान परिस्थितियों में यह चुनौती और बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि बीएसएफ सीमा पर होने वाली हर अवैध गतिविधि को रोकने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और ऐसी कोशिशों को किसी भी हाल में सफल नहीं होने दिया जाएगा।



