HIGHLIGHTS
दो दिनों में मिली प्रतिक्रिया से युवाओं में आत्मविश्वास से नई भूमिका निभाने के लिए तैयार: हर्षवर्धन श्रृंगला
राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस ने रोजगार मेला 2.0 में सफल उम्मीदवारों को ऑफ़र लेटर प्रदान किए
एनई न्यूज भारत, सिलीगुड़ी
सिलीगुड़ी में आयोजित रोजगार मेला 2.0 के समापन दिवस के अवसर पर पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने चयनित सफल उम्मीदवारों को ऑफ़र लेटर प्रदान किए। राज्यपाल ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे उत्तर बंगाल के युवाओं को सशक्त बनाने और भारत की विकास यात्रा में उनकी भूमिका को मजबूत करने की दिशा में एक परिवर्तनकारी कदम बताया।
अपने समापन संबोधन में राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने कहा कि सिलीगुड़ी में रोजगार मेला 2.0 यह सिद्ध करता है कि जब समाज, संस्थान और उद्योग एक साथ आते हैं, तो हमारे युवा नागरिकों के लिए नए क्षितिज खुलते हैं। रोजगार मेला 2.0 आत्मविश्वासी, कुशल और आत्मनिर्भर भारत की भावना का प्रतिबिंब है। उत्तर बंगाल में अपार संभावनाएं हैं और यह तेजी से बदल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा के सांसद हर्षवर्धन श्रृंगला की प्रगतिशील दृष्टि के साथ, इस आयोजन ने इस क्षेत्र में आशा जगाई है जो लंबे समय से ऐसे अवसरों की प्रतीक्षा कर रहा था। यह केवल एक कार्यक्रम नहीं है, यह एक आंदोलन है, जो हमारे युवाओं को आगे बढ़कर भारत को विकसित भारत 2047 की ओर ले जाने के लिए प्रेरित करता है।
राज्यसभा सांसद और दार्जिलिंग वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन श्रृंगला ने सभी भाग लेने वाली कंपनियों और उम्मीदवारों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रोजगार मेला 2.0 इस बात का प्रमाण है कि हम सभी मिलकर उत्तर बंगाल के युवाओं को भारत के विकास कहानी से पीछे नहीं रहने देंगे। दो दिनों में मिली शानदार प्रतिक्रिया दर्शाती है कि हमारे युवा आत्मविश्वास और महत्वाकांक्षा के साथ नई भूमिकाएँ निभाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। हमें गर्व है कि हम उनकी प्रतिभा को सार्थक अवसरों से जोड़ने वाला एक सेतु बने हैं।
उन्होंने कहा कि दो दिनों के दौरान, रोजगार मेला 2.0 में हजारों आवेदकों ने भाग लिया, जहाँ उन्हें करियर काउंसलिंग, कौशल मार्गदर्शन और 60 से अधिक अग्रणी कंपनियों के साथ व्यक्तिगत साक्षात्कार के अवसर मिले। यह आयोजन अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जहाँ उम्मीदवारों को उनकी आकांक्षाओं के अनुरूप ऑफ़र मिले, जो क्षेत्र में समावेशी विकास और युवा सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।



