गोरखनाथ मंदिर में भजन संध्या और कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता में बच्चों की चमकी प्रतिभा, गूंजे पारंपरिक सोहर-बधाई गीत

• कृष्ण रूप सज्जा में नन्हें कान्हाओं की छटा बिखरी, गोरखनाथ मंदिर में गूंजे भजनों की स्वर लहरियाँ

• मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाल कलाकारों को किया सम्मानित, गोरखपुर में गोकुल सा माहौल 

एनई न्यूज भारत,गोरखपुर: ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर सजे-धजे बच्चों ने बाल कृष्ण के रूप में जब मंच पर कदम रखा तो पूरा वातावरण गोकुल नगरी में बदल गया। दर्शक मंत्रमुग्ध होकर बाल स्वरूप श्रीकृष्ण के दर्शन करते रह गए।

कार्यक्रम का संयोजन डॉ. राकेश श्रीवास्तव ने किया। प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इस कृष्ण रूप सज्जा एवं भजन संध्या में कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। शुभारंभ पुनीत श्रीवास्तव के भजन से हुआ। इसके बाद हृदया त्रिपाठी ने सोहर प्रस्तुत कर सभी को रससिक्त किया। लक्ष्मी गुप्ता द्वारा गाया गया बधाई गीत खूब सराहा गया।

लखनऊ से आए गायक विकास मिश्रा और आज़मगढ़ हरिहरपुर के सुप्रसिद्ध कलाकार आदर्श मिश्रा ने अपने कृष्ण भजनों से वातावरण को भक्ति रस में रंग दिया। लोक गायिका अनीता सिंह ने पारंपरिक सोहर गाकर तालियों की गड़गड़ाहट बटोरी। वहीं डॉ. राकेश श्रीवास्तव की बधाई गीत एवं सोहर की प्रस्तुति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। वाद्य संगत पंडित त्रिपुरारी मिश्रा, अमर चंद्र, रानू जानसन, उदय मिश्रा और मुख्तार अहमद ने दी।

कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता के परिणाम

कान्हा वर्ग: अत्रि मिश्रा प्रथम, भव्या पांडेय द्वितीय और कात्यायनी तृतीय स्थान पर रहीं।

गोपाल वर्ग: सात्विक सिंह प्रथम, वंशिका अग्रवाल द्वितीय और मानवी जायसवाल तृतीय रहीं।

सभी विजेताओं को उपहार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। निर्णायक की भूमिका में अंजना राजपाल, मनीषा सिंह और हृदया त्रिपाठी रहीं। मंच संचालन शिवेंद्र पांडे ने किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे।