एनडीए में पहली बार 17 महिला कैडेटों को स्नातक उपाधि, कुल 339 कैडेट सम्मानित

• एनडीए में इतिहास रचती 17 महिला कैडेटें, पहली बार मिली स्नातक उपाधि

• प्रो. पूनम टंडन बोलीं  "महिला कैडेटों की सफलता पूरे देश के लिए प्रेरणा

एनई न्यूज भारत,पुणे 29 मई : राष्ट्रीय रक्षा अकादमी एनडीए, पुणे के 148वें कोर्स का दीक्षांत समारोह गुरुवार को ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ संपन्न हुआ। इस बार पहली बार एनडीए से 17 महिला कैडेटों को स्नातक की उपाधि प्रदान की गई, जो भारतीय सैन्य इतिहास में एक नया अध्याय है। कुल 339 कैडेटों को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय जेएनयू, नई दिल्ली द्वारा डिग्रियां प्रदान की गईं।

समारोह की मुख्य अतिथि दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. डॉ. पूनम टंडन रहीं। उन्होंने सभी कैडेटों को बधाई देते हुए कहा, “यह जानकर गर्व होता है कि एनडीए ने अब तक 40,000 से अधिक अधिकारी देश को दिए हैं। महिला कैडेटों का यह पहला बैच न केवल एनडीए बल्कि भारतीय सशस्त्र बलों के इतिहास में मील का पत्थर है।”

उन्होंने महिला कैडेटों को विशेष रूप से संबोधित करते हुए कहा, “आपकी यह उपलब्धि सिर्फ व्यक्तिगत नहीं है, बल्कि यह पूरे देश की बेटियों के लिए प्रेरणा है। आप साहस, बदलाव और क्षमता की प्रतीक हैं।”

इस अवसर पर कुल 84 कैडेटों को बीएससी, 85 को कंप्यूटर साइंस, 59 को बीए और 111 को बीटेक की उपाधियाँ दी गईं।

एनडीए के कमांडेंट वाइस एडमिरल गुरचरण सिंह ने भी महिला कैडेटों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि की सराहना की और कहा कि ये कैडेट भविष्य में भारतीय सेना में उत्कृष्ट नेतृत्व प्रदान करेंगी।

समारोह एनडीए परिसर में गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित किया गया, जहां कैडेटों, अधिकारियों और अतिथियों की उपस्थिति ने इस ऐतिहासिक पल को सजीव कर दिया।