HIGHLIGHTS
नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, सिलीगुड़ी की 54वीं छमाही बैठक संपन्न
एनई न्यूज भारत, सिलीगुड़ी
नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), सिलीगुड़ी की 54वीं छमाही बैठक 22 जून 2026 को आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता भारतीय स्टेट बैंक के उप महाप्रबंधक एवं नराकास अध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने की। बैठक में नराकास से संबद्ध केंद्र सरकार के कार्यालयों, बैंकों, बीमा कंपनियों तथा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के कार्यालय प्रमुखों एवं राजभाषा अधिकारियों/हिंदी प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक का प्रारंभ नराकास के सदस्य सचिव एवं राजभाषा अधिकारी संजीत चौधरी के स्वागत संबोधन से हुआ। तत्पश्चात अध्यक्ष ने सभी उपस्थित कार्यालय प्रमुखों एवं राजभाषा अधिकारियों का स्वागत करते हुए राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन के महत्व पर प्रकाश डाला।
बैठक के दौरान पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों एवं उनके अनुपालन की समीक्षा की गई। साथ ही सदस्य कार्यालयों से प्राप्त छमाही प्रगति रिपोर्टों पर विचार-विमर्श किया गया तथा राजभाषा संबंधी विभिन्न नीति-निर्देशों एवं प्रावधानों की जानकारी साझा की गई। बैठक में सदस्य कार्यालयों द्वारा राजभाषा हिंदी के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की गई। उत्कृष्ट राजभाषा कार्यान्वयन करने वाले विभागों एवं कार्यालयों को अध्यक्ष महोदय प्रशांत कुमार सिंह के कर-कमलों से प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रशांत कुमार सिंह ने कहा कि राजभाषा कार्यान्वयन केवल वैधानिक दायित्व ही नहीं, बल्कि प्रशासनिक दक्षता, जनसंपर्क की सुगमता तथा कार्य-संस्कृति को सुदृढ़ बनाने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि हिंदी के साथ-साथ भारत की सभी भाषाओं का सम्मान एवं विकास सुनिश्चित करते हुए राजभाषा हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने सदस्य कार्यालयों से अपील की कि कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को निरंतर बढ़ावा दिया जाए तथा राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखें।
बैठक में उपस्थित राजभाषा अधिकारियों एवं हिंदी प्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने कार्यालयों में राजभाषा कार्यान्वयन से संबंधित गतिविधियों एवं अनुभवों को साझा किया। कार्यक्रम का सफल संचालन संजीत चौधरी, राजभाषा अधिकारी, भारतीय स्टेट बैंक द्वारा किया गया। अंत में भारतीय स्टेट बैंक की राजभाषा अधिकारी सुश्री नेहा पटवा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए अध्यक्ष, सभी कार्यालय प्रमुखों, राजभाषा अधिकारियों, हिंदी प्रतिनिधियों एवं उपस्थित सदस्यों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उनके धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का सफलतापूर्वक समापन हुआ।



