HIGHLIGHTS
कर चोरी रोकने में सहयोग दें जिम्मेदार नागरिक बनें, 'कर मित्र' बनें
एनई न्यूज भारत, सिलीगुड़ी
केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) विभाग द्वारा कर चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु "कर मित्र (KAR MITRA)" अभियान प्रारंभ किया गया है। केंद्रीय जीएसटी, सिलीगुड़ी आयुक्तालय द्वारा यह विशेष पहल कर चोरी की रोकथाम एवं संबंधित सूचनाओं के संकलन के उद्देश्य से शुरू की गई है।
इस अभियान के अंतर्गत, जहां कहीं भी कर चोरी से संबंधित गतिविधियाँ संचालित हो रही हों, कोई भी जागरूक नागरिक इसकी सूचना केंद्रीय जीएसटी कार्यालय, सिलीगुड़ी को दे सकता है। यह पहल कर चोरी रोकने के लिए चलाई गई पूर्ववर्ती योजनाओं की तुलना में अधिक प्रभावी एवं व्यापक है। विभाग का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक पहुंच बनाकर उन्हें 'कर मित्र' के रूप में राष्ट्रहित में सहयोग हेतु प्रेरित करना है।
कोई भी व्यक्ति व्हाट्सएप (WhatsApp), एसएमएस (SMS) अथवा ऑडियो-वीडियो संदेश के माध्यम से मोबाइल नंबर 99330-18686 पर सूचना प्रेषित कर सकता है। सूचना देने वाले प्रत्येक 'कर मित्र' की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। यदि दी गई सूचना सत्य एवं उपयोगी पाई जाती है, तो संबंधित व्यक्ति को शासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार पुरस्कार प्राप्त करने का अधिकार होगा।



