HIGHLIGHTS
नियत समय पर कड़ा अभ्यास, संतुलित पोषण और पर्याप्त विश्राम ही वह त्रिकोण: मंटू घोष
खिलाड़ी दुनियां में तिरंगे के सम्मान के लिए कठिन परिश्रम देश को गौरवान्वित करता: भरत छेत्री
द्वितीय अखिल भारतीय पुलिस हैंडबॉल क्लस्टर का एसएसबी सीमांत मुख्यालय में हुआ भव्य शुभारंभ
एनई न्यूज भारत, सिलीगुड़ी
चिकननेक की धरती सिलीगुड़ी में 19 जनवरी 2026 को सीमांत मुख्यालय, सिलीगुड़ी में द्वितीय अखिल भारतीय पुलिस हैंडबॉल क्लस्टर 2025–26 का विधिवत शुभारंभ किया गया। इसमें राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता का आयोजन सशस्त्र सीमा बल (SSB) द्वारा 19 से 23 जनवरी 2026 तक किया जायेगा।
इसके उद्घाटन समारोह, मुख्य अतिथि पूर्व कप्तान भारतीय हॉकी टीम इंडिया के भरत छेत्री, एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी श्रीमती मंटू घोष, की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सीमांत मुख्यालय, सिलीगुड़ी के महानिरीक्षक वंदन सक्सेना के साथ बल के समस्त वरिष्ठ अधिकारीगण, खिलाड़ी, कोच, टीम मैनेजर, तकनीकी अधिकारी, विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि एवं आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत सशस्त्र सीमा बल के बैंड एवं खिलाड़ियों के मार्च पास्ट/परेड के साथ हुई। इसके उपरांत मुख्य अतिथि ने परेड से सलामी ली। उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा प्रतिभागियों को खेलों के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक दक्षता बढ़ाने, अनुशासन एवं टीम भावना को आत्मसात करने तथा खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने हेतु प्रेरित किया गया। विशिष्ट अतिथि ने रेखांकित किया कि खिलाड़ियों के लिए समय प्रबंधन केवल एक नियम नहीं, बल्कि जीत का मंत्र है। उन्होंने कहा, "नियत समय पर कड़ा अभ्यास, संतुलित पोषण और पर्याप्त विश्राम ही वह त्रिकोण है, जो खिलाड़ी की शारीरिक और मानसिक क्षमता को शिखर पर ले जाता है।" साथ ही, उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने के अपने व्यक्तिगत अनुभवों को साझा किया, जो उपस्थित सभी खिलाड़ियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक रहा। मुख्य अतिथि पूर्व कप्तान भारतीय हॉकी टीम इंडिया के भरत छेत्री ने इस बात पर जोर दिया कि कैसे एक खिलाड़ी अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर तिरंगे के सम्मान के लिए अपने कठिन परिश्रम और संघर्ष के साथ अपने आप को समर्पित कर देश को गौरवान्वित करता है।
समारोह के गौरवमयी क्षणों के बीच मुख्य अतिथि द्वारा रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में उड़ाकर इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आधिकारिक आगाज किया गया। मुख्य अतिथि ने इस राष्ट्रीय स्तर के खेल प्रतियोगिता के आयोजन के लिए महानिरीक्षक सशस्त्र सीमा बल, सिलीगुड़ी एवं उनकी टीम को श्रेय देते हुए कहा कि उत्तर बंगाल में इतनी बड़ी प्रतियोगिता का आयोजन करना एक साहसिक कार्य है तथा सशस्त्र सीमा बल की टीम का प्रतियोगिता के योजनाबद्ध आयोजन के लिए प्रशंसा किया तथा यह भी कहा कि सशस्त्र सीमा बल भारत-नेपाल एवं भारत-भूटान सीमा की सुरक्षा के साथ-साथ सीमावर्ती गांवों में खेलों के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
इस अखिल भारतीय प्रतियोगिता में देश भर के 30 विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य पुलिस संगठनों की कुल 80 टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में पुरुष हैंडबॉल, महिला हैंडबॉल, पुरुष बास्केटबॉल एवं महिला बास्केटबॉल स्पर्धाएँ आयोजित की जा रही हैं, जिससे यह आयोजन बहुआयामी एवं अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक बन गया है। प्रतियोगिता के प्रथम चरण में पुरुष बास्केटबाल के 36 लीग मुकाबले, महिला बास्केटबाल के 10 लीग मुकाबले तथा पुरुष हैंडबॉल के 36 लीग मुकाबले एवं महिला हैंडबॉल के 15 लीग मुकाबले खेले जायेंगे।
इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य पुलिस बलों के बीच खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करना, आपसी सौहार्द एवं समन्वय को सुदृढ़ करना तथा एक स्वस्थ एवं फिट भारत के निर्माण की दिशा में योगदान देना है। खिलाड़ियों में उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिल रही है। केंद्रीय एवं राज्य पुलिस संगठनों के खिलाड़ियों द्वारा खेल भावना के साथ-साथ अव्वल दर्जे का अनुशासन इस खेल प्रतियोगिता की शालीनता को चार चाँद लगा रहा है। आयोजन को सफल एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने हेतु सशस्त्र सीमा बल द्वारा सुरक्षा, चिकित्सा, आवास, परिवहन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं। आयोजन समिति द्वारा सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। समारोह के अंत में सभी प्रतिभागी टीमों को प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु शुभकामनाएँ दी गईं तथा आयोजन की सफलता की कामना की गई तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सशस्त्र सीमा बल के श्वान दस्ते के प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
तत्पश्चात प्रतियोगिता के पहले दिन हैंडबॉल लीग के शुरूआती तीन मुकाबलों में राजस्थान पुलिस, मणिपुर पुलिस एवं भारत तिब्बत सीमा पुलिस की टीमें विजयी रही। वही बास्केटबाल लीग के शुरूआती आठ मुकाबलों में केंद्रीय औधोगिक पुलिस बल, जम्मू और कश्मीर पुलिस,सशस्त्र सीमा बल,हिमांचल प्रदेश पुलिस,महाराष्ट्र पुलिस, तमिलनाडु पुलिस, उत्तराखंड पुलिस एवं पश्चिम बंगाल पुलिस की टीमों ने विजय प्राप्त किया। जैसे-जैसे लीग मुकाबले आगे बढ़ते रहेंगे प्रतियोगिता में रोमांच और बढ़ता रहेगा। सभी मुकाबले शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं खेल भावना के साथ संपन्न कराये गए। खिलाड़ियों द्वारा उत्कृष्ट खेल कौशल एवं टीम भावना के प्रदर्शन के साथ प्रतियोगिता के आगामी दिनों में हैंडबॉल एवं बास्केटबाल के और भी मुकाबले खेले जायेंगे।



