सिलीगुड़ी में 19 जनवरी से अपनी प्रतिभा दिखायेंगे देश के हैंडबॉल के खिलाड़ी

HIGHLIGHTS

सीमांत मुख्यालय, सिलीगुड़ी में द्वितीय अखिल भारतीय पुलिस हैंडबॉल क्लस्टर 2025–26 का होगा भव्य शुभारंभ

प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिस बलों के बीच खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करना आपसी सौहार्द एवं समन्वय को सुदृढ़ करना

प्रतियोगिता में 28 पुरुष हैंडबॉल,13 महिला हैंडबॉल, 28 पुरुष बास्केटबॉल एवं 11 महिला बास्केटबॉल टीमों का हुआ पंजीकरण

एनई न्‍यूज भारत, सिलीगुड़ी

सशस्‍त्र सीमा बल (एसएसबी)सिलीगुड़ी सीमांत मुख्यालय मुख्‍यालय के तीस्ता स्टेडियम में द्वितीय अखिल भारतीय पुलिस हैंडबॉल क्लस्टर 2025–26 का विधिवत शुभारंभ दिनांक 19 जनवरी, 2026 को किया जाएगा। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित खेल प्रतियोगिता की मेजबानी का दायित्व इस वर्ष सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) सीमांत मुख्यालय सिलीगुड़ी को सौंपा गया है। यह प्रतियोगिता 19 जनवरी से 23 जनवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता में देश के जाने-माने हैंडबॉल खिलाड़ी सिलीगुड़ी की धरती पर उतरेंगे और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

हालांकि द्वितीय अखिल भारतीय पुलिस हैंडबॉल क्लस्टर 2025–26 के लिए प्रतियोगिता के शुभंकर का अनावरण 1 जनवरी, 2026 को सशस्त्र सीमा बल  के , महानिदेशक संजय सिंघल ने एसएसबी के सीमांत मुख्यालय सिलीगुड़ी में किया गया है। इस अवसर पर बल के वरिष्ठ अधिकारी जवान एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन एवं खेलों में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महानिरीक्षक, सीमांत मुख्यालय, एसएसबी सिलीगुड़ी द्वारा एक प्रेरणादायी वीडियो संदेश भी विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर जारी किया गया है। यह प्रतियोगिता भारत सरकार द्वारा प्रारंभ किए गए“फिट इंडिया मूवमेंट”की भावना के अनुरूप आयोजित की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किए गए इस अभियान का उद्देश्य फिटनेस को जन-आंदोलन बनाना तथा नागरिकों को शारीरिक रूप से सक्रिय एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

इस प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय हॉकी टीम इंडिया के पूर्व कप्तान भरत छेत्री तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी श्रीमती मंटू घोष की गरिमामयी उपस्थिति होकर इस भव्य आयोजन की शोभा बढ़ाएँगी। इसके अतिरिक्त उद्घाटन समारोह में सशस्त्र सीमा बल, अन्य केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों(CAPFs)एवं राज्य पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, अन्य कार्मिक, उनके परिवारजन, खिलाड़ी, तकनीकी अधिकारी तथा विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे, जो खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे। इस द्वितीय अखिल भारतीय पुलिस हैंडबॉल क्लस्टर में देशभर के विभिन्न राज्यों की पुलिस संगठनों एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की कुल 30 संस्थाओं से 80 टीमें (महिला एवं पुरुष) भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता के अंतर्गत पुरुष हैंडबॉल, महिला हैंडबॉल, पुरुष बास्केटबॉल एवं महिला बास्केटबॉल स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु 28 पुरुष हैंडबॉल,13 महिला हैंडबॉल, 28 पुरुष बास्केटबॉल एवं 11 महिला बास्केटबॉल टीमों ने पंजीकरण कराया है। जिससे यह आयोजन अत्यंत बहुआयामी एवं प्रतिस्पर्धात्मक बनने जा रहा है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के स्वागत हेतु सशस्त्र सीमा बल के अधिकारी एवं जवान सिलीगुड़ी रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड तथा सिलीगुड़ी एयरपोर्ट पर खेल भावना से ओत-प्रोत वातावरण में उनका भव्य स्वागत कर रहे हैं।

इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य पुलिस बलों के मध्य खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करना, आपसी सौहार्द एवं समन्वय को सुदृढ़ करना तथा अनुशासन, टीम भावना एवं खेल भावना को बढ़ावा देना है। आयोजन को सफल एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने हेतु सशस्त्र सीमा बल द्वारा सुरक्षा, चिकित्सा, आवास, परिवहन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं। आयोजन समिति द्वारा सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। द्वितीय अखिल भारतीय पुलिस हैंडबॉल क्लस्टर 2025–26 न केवल पुलिस बलों के खिलाड़ियों के बीच शारीरिक एवं मानसिक फिटनेस को बढ़ावा देगा, बल्कि एक स्वस्थ, सशक्त एवं फिट भारत के निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।