बीएसएफ ने 1 करोड़ के सोने के साथ तस्‍कर को दबोचा

HIGHLIGHTS 

नदिया सीमा पर सोने के तस्कर को बीएसएफ की बड़ी कार्रवाई, 700 ग्राम सोना जब्त

एनई न्‍यूज भारत, नदिया

भारत-बांग्लादेश सीमा पर नदिया ज़िले में की गई एक बड़ी कार्रवाई के दौरान दक्षिण बंगाल सीमान्त बीएसएफ की 32वीं वाहिनी के जवानों ने सीमाचौकी गेदे पर एक भारतीय तस्कर को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से 700 ग्राम वज़न के छह सोने के बिस्कुट बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये है। विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर, बीएसएफ जवानों ने 30 दिसंबर को सुबह लगभग 9:15 बजे अंतरराष्ट्रीय सीमा तारबंदी के पास उत्तरपाड़ा गेदे गाँव के समीप एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका। संदिग्ध भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन सतर्क जवानों ने तुरंत उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से सोने के बिस्कुट बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह सोना एक बांग्लादेशी तस्कर ने उसे सौंपा था, जिसे आगे एक अन्य भारतीय तस्कर को पहुँचाना था। गिरफ्तार तस्कर और जब्त सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को सौंप दिया गया है। बीएसएफ ने सीमा क्षेत्र के निवासियों से अपील की है कि वे सोना तस्करी से जुड़ी किसी भी जानकारी को ‘सीमा साथी’ हेल्पलाइन 14419 या व्हाट्सऐप नंबर 9903472227 पर साझा करें। सूचना देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी और उपयुक्त पुरस्कार  भी दिया जाएगा।