पिता की इज्जत के आगे बेटी ने किया ज़िंदगी को अलविदा

• पिता की ‘इज्जत’ बनाम बेटी की ज़िंदगी शादी के दूसरे दिन सहरसा में युवती की रहस्यमयी मौत
 
एनई न्यूज भारत,खोरीमहुआ/झारखंड : बिहार के सहरसा जिले से एक हृदयविदारक और सोचने पर मजबूर कर देने वाली घटना सामने आई है। पिता की सामाजिक प्रतिष्ठा के दबाव में कराई गई शादी के महज दूसरे ही दिन 19 वर्षीय विवाहिता पूजा कुमारी की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूजा की शादी हाल ही में परिवार की जल्दबाज़ी और सामाजिक दबाव में तय की गई थी। बताया जा रहा है कि युवती किसी और से प्रेम करती थी और उसने इस बारे में परिजनों को समझाने की कई बार कोशिश की, लेकिन उसकी बातों को अनसुना कर दिया गया।
घटना वाले दिन जब सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाज़ा नहीं खुला, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
पूजा के अधूरे सपनों और उसके टूटे अरमानों ने पूरे समाज के सामने एक गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है
क्या सामाजिक दबाव किसी युवा की खुशियों और जीवन से बड़ा हो सकता है?
 
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। वहीं, घटना के बाद से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
हमारा उन सभी माता-पिता से यही निवेदन है कि यदि आपका बेटा या बेटी किसी को जानता है और पसंद करता है, तो इस पर समझदारी से बातचीत करें। बात को बेवजह बढ़ाने के बजाय उनके विचार और भावनाओं को समझें। वे जिस इंसान को पसंद करते हैं, उसकी अच्छाइयाँ और बुराइयाँ वे पहले से जानते-समझते हैं।
 
किसी अजनबी से रिश्ता तय करते समय बहुत-सी सच्चाइयाँ सामने नहीं आ पातीं। याद रखिए, रिश्ता देखने आने वाला व्यक्ति अपनी हर बुरी आदत उस समय नहीं दिखाता चाहे वह शराब पीने की आदत हो, चरित्र से जुड़ा मामला हो या कोई और अवगुण। इसलिए बच्चों के चुनाव को पूरी तरह नकारने से पहले सोच-समझकर, खुलकर और समझदारी से निर्णय लेना बेहद ज़रूरी है।