• "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया
एनई न्यूज भारत सिलीगुड़ी : सशस्त्र सीमा बल की 8वीं वाहिनी, खपरैल के न्यू लोकेशन परिसर का दौरा सीमांत मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल, सिलीगुड़ी के महानिरीक्षक सुधीर कुमार ने किया। उनके साथ उप-महानिरीक्षक ए. के. सी. सिंह तथा उप-महानिरीक्षक (मेडिकल) डॉ. त्रिलोक चंद भी उपस्थित रहे।
बल की गौरवशाली परंपराओं का निर्वहन करते हुए महानिरीक्षक महोदय को आगमन पर गरिमामय गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। दौरे के दौरान उन्होंने बुद्ध पूर्णिमा के शुभ अवसर पर गायत्री परिवार द्वारा आयोजित पूजा और हवन कार्यक्रम में भाग लेकर जवानों के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इसके पश्चात् उन्होंने सैनिक सम्मेलन को संबोधित किया और अधिकारियों एवं जवानों से संवाद स्थापित किया। अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में उन्होंने समर्पित सेवा के लिए जवानों की सराहना करते हुए संचालन कुशलता और कल्याण को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
दौरे के अंत में 8वीं वाहिनी एसएसबी, खपरैल द्वारा "बड़ा खाना" का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं जवानों ने सामूहिक रूप से भाग लिया। यह यात्रा नेतृत्व, कल्याण और एकता की भावना का प्रतीक रही और जवानों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक सिद्ध हुई।